ऑटो डेस्क. बेहतरीन सेल्स ग्रोथ के साथ मारुति सुजुकी ने नए साल की शानदार शुरुआत की। मारुति सुजुकी अल्टो 23,360 यूनिट की बिक्री के साथ सबसे ज्यादा बिकने वाली कार बन गई। वहीं 10,048 यूनिट के साथ नई वैगनआर टॉप 10 की लिस्ट में जगह बनाने में कामयाब रही जबकि ऑल न्यू सेंट्रो लिस्ट से ही बाहर हो गई। जनवरी 2019 की टॉप 10 बेस्ट सेलिंग कार में मारुति सुजुकी की 7 कार शामिल है जबकि हुंडई की सिर्फ तीन कार ही लिस्ट में जगह बना पाई।
टॉप 10 बेस्ट सेलिंग कार की बात करें तो लिस्ट में मौजूद मारुति सुजुकी की 7 में से 4 कारें नए हर्टेक्ट प्लेटफॉर्म पर बेस्ड है, जिससे यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि ग्राहक बड़े पैमाने पर नए आर्किटेक्चर को अपनाना ज्यादा पसंद कर रहे हैं।
एंट्री लेवल हैचबैक कार मारुति सुजुकी अल्टो की दिसंबर 2018 सेल्स में जहां गिरावट देखने को मिल रही थी। वहीं नए साल की शुरुआत में कुल 23,360 यूनिट की बिक्री के साथ अल्टो ने शानदार कमबैक किया है। दूसरे पायदान पर मारुति सुजुकी डिजायर रही, जिसकी 19,073 यूनिट की बिक्री हुई, जो अल्टो से सिर्फ 4,287 यूनिट ही पीछे है। जबकि तीसरे पायदान पर सुजुकी स्विफ्ट रही जिसकी जनवरी में कुल 18,795 यूनिट की बिक्री हो पाई।
भारत की टॉप सेलिंग प्रीमियम हैचबैक कार मारुति सुजुकी बलेनो 16,717 यूनिट के साथ चौथे पायदान पर रही। जो अपनी कॉम्पिटिटर हुंडई एलीट i20 से 5,000 यूनिट आगे हैं। जबकि मारुति की सब कॉम्पैक्ट एसयूवी विटारा ब्रेजा पांचवें पायदान पर रही जिसकी 13,172 यूनिट ही बिक पाई। लिस्ट देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि टॉप 5 तक मारुति सुजुकी का ही जलवा कायम है।
इसके बाद लगातार तीन स्थानों को हुंडई की कारों ने अपना कब्जा जमाया। छठवें पायदान पर 11,749 यूनिट के साथ हुंडई एलीट रहीं तो सातवें पायदान पर 10,314 यूनिट के साथ हुंडई की बेस्ट सेलिंग कॉम्पैक्ट एसयूवी क्रेटा रही, जो नए साल के शुरुआत में कोई खास कमाल नहीं कर पाई। आठवें पायदान पर 10,285 यूनिट के साथ हुंडई ग्रैंड i10रही।
नौवें पायदान पर हाल ही में लॉन्च हुई नई मारुति वैगनआर ने 10,048 यूनिट के साथ आपनी जगह बनाई जिसने सेल्स के मामले में हुंडई की ऑल न्यू सेंट्रो को भी पीछे छोड़ दिया, सेंट्रो टॉप 10 की लिस्ट में अपनी जगह नहीं बना पाई। जबकि दसवें स्थान पर मारुति सुजुकी सेलेरियो रही जिसकी सिर्फ 9,217 यूनिट ही बिक पाई।
रैंक | मॉडल | यूनिट |
1 | मारुति सुजुकी अल्टो | 23,360 |
2 |
मारुति सुजुकी डिजायर |
19,073 |
3 | मारुति सुजुकी स्विफ्ट | 18,795 |
4 | मारुति सुजुकी बलेनो | 16,717 |
5 | मारुति विटरा ब्रेजा | 13,172 |
6 | हुंडई एलीट i20 | 11,749 |
7 | हुंडई क्रेटा | 10,314 |
8 | हुंडई ग्रैंड i10 | 10,285 |
9 | मारुति सुजुकी वैगनआर | 10,048 |
10 | मारुति सुजुकी सेलेरियो | 9,217 |