इटारसी। लोकसभा चुनाव का शंखनाद करने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 फरवरी को इटारसी आ रहे हैं। उनके आगमन का समय दिल्ली से तय होगा। सीपीई में तीन हेलीकॉप्टर के लिए हेलीपेड बनेगा। पौने तीन लाख वर्गफीट क्षेत्रफल के रेलवे इंस्टीट्यूट मैदान पर सभा होगी। मैदान की क्षमता सेफ जोन हटाकर 65 हजार लोगो की है। लेकिन मोदी की सभा में ढाई लाख लोगों को लाने का टारगेट है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह का तर्क है कि हम मैदान में एक लाख लोगों को ले आएंगे। इतनी भीड़ रहेगी कि पैर रखने को जगह नहीं बचेगी। सभास्थल भरने पर सड़कों पर लोग लाउडस्पीकर पर प्रधानमंत्री को सुनेंगे, उनको किस खाते में डालेंगे। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह ने संगठन पदाधिकारियों को समझाया, सभा कैसी होनी चाहिए, यह बताने की जरूरत नहीं है।
राहुल की सभा पर कहा: अभी राहुल गांधी भोपाल में आए। एक महीने तक सभा की तैयारी की लेकिन सभा कैसी थी आप सब को मालूम है। ट्रकों में खाली कुर्सियां भरकर इज्जत बचाई। पूरे प्रदेश से मुश्किल से 15-16 हजार लोग इकट्ठे हुए। हम तय कर लें तो एक मंडल से 15 हजार की जनता इकट्ठी हो सकती है। शाम को रेलवे मैदान देखने गए प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा, मोदी की सभा में भीड़ के आंकड़े पर नहीं जाना चाहता। कुछ ने अति उत्साह में संख्या बता दी होगी।
11-12 फरवरी को होगीं बैठकें : मप्र पर्यटन विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष तपन भौमिक ने कहा, दोनों लोकसभा क्षेत्र की प्रत्येक विधानसभा स्तर पर 11 व 12 फरवरी को बैठक होगी। संगठन मंत्री ने इसका शेड्युल बना दिया है। जो सभी मंडल अध्यक्षों व विधायकों को मिलेगा।
इतना टारगेट : दो लोकसभा क्षेत्र, 16+4 विस = 2,57,000 कार्यकर्ता
प्रधानमंत्री की सभा में दो लोकसभा क्षेत्र होशंगाबाद और बैतूल की 16 विधानसभा सीट और सीमावर्ती 4 अन्य विधानसभा सीट खातेगांव, इछावर, बुधनी और भोजपुर से कार्यकर्ताओं व पब्लिक को लाया जाएगा। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रामेश्वर शर्मा ने मोदी की सभा में आने वाले लोगों की संख्या पूछी जिसे तपन भौमिक नोट करते गए।
सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह बोले, जितने वोट से पिछला चुनाव सांसद उदयप्रताप जीते, उतने लोग लाएंगे। शर्मा ने पूछा कितने वोट से जीते थे। जवाब आया, 62 हजार से। हैरत से पूछा, इतने लोग लाओगे। विजयपाल बोले, आप गिनवा लेना। होशंगाबाद का नाम आने पर कुछ नेता 10 हजार बताने को खड़े हुए। उन्हें बताया गया कि विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा पारिवारिक कारण से नहीं आए लेकिन उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष को 25 हजार का आंकड़ा पहले ही बता दिया है। पिपरिया से ठाकुर नागपाल बोले, पिपरिया कभी पीछे नहीं रहा। जितने से जीते उतने लोग लाएंगे। फिर बोले, 25 हजार लोग ले आएंगे। उन्हांने यह भी कहा उस दिन बीना और अमरकंटक एक्सप्रेस में कुछ बोगी बढ़वा दीजिए। तब शर्मा बोले, इस बारे में आप सांसद से बात कीजिए।
- सिवनी मालवा से विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने कहा, कम से कम 30 हजार लाेग लाएंगे। टिमरनी से विधायक संजय शाह ने पूछा मैदान की कैपेसिटी कितनी है? गुस्ताखी चाहता हूं। यह सुनकर रामेश्वर शर्मा बोले, इसकी आप चिंता मत करो। तब शाह ने कहा, टिमरनी से 10 हजार लोग आएंगे। हरदा की बारी आने पर जिलाध्यक्ष कुछ बता पाते इसके पहले कमल पटेल बोले, 10 हजार लोग लाएंगे।
- नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा से 10 हजार की संख्या बताई गई। तेंदूखेड़ा से भी 10 हजार की आवाज आई तो शर्मा बोले, 9 करो या 11 हजार। कुछ तो संख्या बदलो। नरसिंहपुर से 12 हजार का आंकड़ा बताया गया। उदयपुरा से 8 हजार की संख्या बताई।
- बैतूल के घोड़ाडोंगरी से 12 से 15 हजार बताई। शर्मा बोले, हम 11 मानते हैं। आमला से 10 हजार लोग सभा में लाने की हामी भरी। मुलताई व भैसदेही से 5-5 हजार की संख्या बताई गई। बैतूल से हेमंत खंडेलवाल से पूछा तो 10 हजार का आंकड़ा मिला।
- पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की विधानसभा बुधनी से 10 हजार लाने की बात स्थानीय नेताओं ने कहा। भोजपुर के लिए बात करने को कहा। इछावर से करणसिंह ने दूर होने का कारण बताते 2 हजार की संख्या बताई। खातेगांव से भी 2 हजार कार्यकर्ताओं की संख्या बताई गई।