पटना. सहकारिता मंत्री राणा रणधीर ने कहा कि राज्य भर में अब तक 63450 किसानों से 4 लाख 44 हजार टन धान की खरीद हुई है। इसमें पटना के 4445 किसानों से 26 हजार टन धान की खरीद हुई है। उन्होंने स्वीकार किया कि पिछले साल इस समय पर 71343 किसानों से 5.18 लाख टन धान की खरीद हुई है। अररिया, भोजपुर, बेगूसराय, शिवहर सहित 14 जिलों में पिछले साल की तुलना में अधिक धान की खरीद हुई है। बुधवार को वे भाजपा के नवल किशोर यादव के अल्पसूचित प्रश्न का जवाब दे रहे थे।
मंत्री ने कहा कि पटना में 290 पैक्स और व्यापार मंडल के माध्यम से धान खरीद हो रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पटना के नगर परिषद क्षेत्र में व्यापारमंडल के माध्यम से किसानों से धान खरीद कराया जाएगा। इसके लिए विभाग के अपर मुख्य सचिव से धान खरीद कराने के लिए कहा जाएगा। राजद के सुबोध यादव ने कहा कि किसान तो पहले ही औने-पौने दाम में धान बेच चुके हैं। अब पैक्स बिचौलियों के माध्यम से धान खरीद रहा है। इस पर मंत्री ने कहा- ऐसे पैक्स का नाम बताएं सरकार कार्रवाई करेगी।