धार. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 16 फरवरी को धार में होने वाले रैली को लेकर पुलिस और प्रशासन की हलचल तेज हो गई है। दौरे को देखते हुए एसपीजी की टीम ने कलेक्टर दीपकसिंह और एसपी बीरेंद्रसिंह के साथ सभास्थल और हेलीपेड का निरीक्षण किया। वहीं एडीजी और डीआईजी ग्रामीण इंदौर रेंज ने भी धार पहुंचकर इन स्थानों का जायजा लिया। पीएम मोदी की सभा के लिए 36 बाय 60 वर्गफीट क्षेत्र में मंच तैयार किया जाएगा। मंच के सामने 60 फीट की डी(गोल घेरा) रहेगी। इसके बाद लोगों के बैठने की व्यवस्था खुले में होगी। बीच में आने के लिए एक मार्ग होगा।
एसपीजी की टीम ने सभास्थल पीजी कॉलेज ग्राउंड पर तैयारियों को देख। इसके पहले अधिकारियों ने डीआरपी लाइन स्थित हेलीपेड का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण को सुरक्षा कारणों से अधिकारियों ने गोपनीय रखा। एसपीजी की टीम ने पूरे मैदान में घूमकर हर एंगल और सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए अधिकारियों से चर्चा की। वाहनों की पार्किंग को लेकर जानकारी ली और स्थल का निरीक्षण किया। साथ ही पीएम के सभास्थल पर मंच पर पहुंचने और सभा के बाद लौटने के मार्ग की जानकारी भी एसपीजी की टीम ने ली। मंच के आकार और सभा मैदान में लोगों के बैठने की जगह का भी अधिकारियों ने निरीक्षण किया। अधिकारियों का मुख्य फोकस वीआईपी ट्रैक पर लोगों को रोकने पर रहा।
मंच के सामने नहीं बनेगा डोम, खुले में बैठेंगे लोग : सभामंच के सामने कोई डोम नहीं बनाया जाएगा। इसे सुरक्षा कारणों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। डी (गोल घेरा) के बैरिकेड्स के बाद प्रमुख लोगों के बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था होगी, लेकिन अन्य बड़ी संख्या में आने वाले लोगों के लिए मैदान खुला ही रखा जाएगा। इसमें बीच में जरूर आने के लिए एक रास्ता रहेगा। जहां से लोग आ-जा सकते हैं। यहां 18 सेक्टर बनाए जाएंगे ताकि किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो। पीएम मोदी के लिए यहां सर्किट हाउस बुक कर लिया गया है। इसके साथ ही डाक बंगला, फारेस्ट और कोऑपरेटिव बैंक का रेस्ट हाऊस भी बुक कर लिया है। इन सभी स्थानों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
सभा स्थल की व्यवस्था देखी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 16 फरवरी को आयोजित होने वाली विजय संकल्प रैली की तैयारियों को लेकर धार कलेक्टर दीपक सिंह सहित अन्य अधिकारियों के साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री विक्रम वर्मा, प्रदेश महामंत्री मनोहर ऊंटवाल, कार्यक्रम प्रभारी व विधायक चेतन्य कश्यप, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. राज बर्फा ने सभा स्थल का अवलोकन किया। व्यवस्थाओं के संबंध में आपसी विचार-विमर्श कर आगंतुकों के मार्गों को लेकर जानकारी ली। अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा की।
धार. सभास्थल पर एसपीजी अधिकारी व एसपी निरीक्षण करते हुए। पूर्व केंद्रीय मंत्री वर्मा ने भी व्यवस्था देखी।